सुरभि न्यूज़
भिवानी (हरियाणा)18, अक्टूबर *आनंद प्रकाश आर्टिस्ट*
हरियाणा के भिवानी में हरियाणवी सिनेमा को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में सोमिका फिल्म्स ने एक पहल की है। फिल्म निर्माण संस्था ने अपनी हरियाणवी फीचर फिल्म ‘बिजली’ को दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए भी सुलभ बनाया है, ताकि वे फिल्म को सुनकर उसकी कहानी और घटनाक्रम को समझ सकें।
फिल्म के लेखक-निर्देशक आनंद प्रकाश आर्टिस्ट के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को भी सिनेमा के अनुभव से जोड़ना है। फिल्म को इस तरह प्रस्तुत किया गया है कि दृष्टिबाधित दर्शक इसे सुनकर कहानी को उसी तरह समझ सकें, जैसे सामान्य दर्शक पर्दे पर दृश्यों को देखकर कहानी से जुड़ते हैं।
आनंद प्रकाश आर्टिस्ट ने दावा किया कि हरियाणा में अपनी तरह की यह संभवतः पहली हरियाणवी फीचर फिल्म है, जिसे दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने भिवानी और आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़ी संस्थाओं के प्रमुखों से इस पहल से जुड़ने की अपील की है। इच्छुक संस्थाओं के प्रतिनिधि आनंद कला मंच स्टूडियो, भिवानी में संपर्क कर पहले फिल्म को स्वयं देख और सुन सकते हैं तथा अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके बाद उनकी संस्था से जुड़े दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए फिल्म के प्रदर्शन की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
फिल्म के प्रदर्शन से पहले संस्थाओं के प्रतिनिधियों से प्रतिक्रिया लेने की व्यवस्था निशुल्क रखी गई है। इसका उद्देश्य यह जानना है कि दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए फिल्म कितनी उपयोगी और सहज है, ताकि उनके अनुभव के आधार पर आगे प्रदर्शन की व्यवस्था की जा सके।
आनंद प्रकाश आर्टिस्ट ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर सोमिका फिल्म्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से साझा किया गया है। उन्होंने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्थाओं से इस पहल में सहयोग करने का आग्रह किया है।
इस पहल के माध्यम से फिल्म निर्माता दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों की सांस्कृतिक और मनोरंजन संबंधी भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें भी सिनेमा से जुड़ने का अवसर देने का प्रयास कर रहे हैं।
यूट्यूब लिंक – https://youtu.be/2dsjml2hTa8?si=irPgaw–e0ZA4GxW











