सुरभि न्यूज़ एंड फीचर एजेंसी (विशेष संवाददाता)
शिमला/सराहन
बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को ऐतिहासिक सराहन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। मां भीमाकाली के प्रांगण में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, और पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आर.एस. बाली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के राजनीतिक सफर, दूरदर्शी सोच और हिमाचल प्रदेश के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को गहराई से याद किया।
वीरभद्र सिंह ने प्रदेशवासियों के दिलों पर किया राज: मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने न केवल हिमाचल प्रदेश की राजनीति पर राज किया, बल्कि लगभग पांच दशकों तक प्रदेशवासियों के दिलों में भी अपनी विशेष जगह बनाए रखी। उन्होंने वीरभद्र सिंह को एक युगपुरुष, दूरदर्शी राजनेता और आधुनिक हिमाचल प्रदेश का निर्माता करार दिया।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह का प्रभाव किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर से लेकर कुल्लू, आनी, पांगी, भरमौर और लाहौल-स्पीति जैसे दुर्गम क्षेत्रों तक हर जगह उनका आत्मीय जुड़ाव और समान प्रभाव था। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह तक कई प्रधानमंत्रियों के साथ कार्य किया था।
अपने राजनीतिक जीवन को याद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा, “मैं वीरभद्र सिंह की राजनीतिक पाठशाला का विद्यार्थी रहा हूँ। उनकी शिक्षा और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि मैं पिछले 25 वर्षों से लगातार विधायक के रूप में जनता की सेवा कर रहा हूँ।” उन्होंने ठाकुर कौल सिंह और ठाकुर रामलाल जैसे वरिष्ठ नेताओं के योगदान की भी सराहना की।
डॉ. यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र सिंह के योगदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि डॉ. परमार ने हिमाचल का गठन किया, तो वीरभद्र सिंह ने इसे आधुनिक और विकसित स्वरूप प्रदान किया।
वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल बना विकास का मॉडल: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के गौरव थे, जिन्होंने अपनी जनकल्याणकारी नीतियों से प्रदेश को नई दिशा दी। कभी पिछड़े पहाड़ी राज्य के रूप में गिने जाने वाले हिमाचल की आज देश-दुनिया में एक विकास मॉडल के रूप में पहचान है।
शिक्षा मंत्री ने वर्ष 2003 का संस्मरण साझा करते हुए कहा कि जब वह और मुकेश अग्निहोत्री पहली बार विधायक बने थे, तब वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में उन्हें ‘सर्वत्र हिमाचल, सर्वत्र विकास’ का मूल मंत्र मिला था। उन्होंने कहा कि महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को संजोना और उन्हें आगे बढ़ाना हम सबका नैतिक दायित्व है। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
पूरा हिमाचल प्रदेश वीरभद्र सिंह की कर्मस्थली और जन्मभूमि रहा: विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह को किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं किया जा सकता, क्योंकि पूरा हिमाचल उनकी कर्मस्थली और जन्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा कि अष्टमी के पवित्र दिन मां भीमाकाली के प्रांगण में उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से सड़क उन्नयन के कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से झाकड़ी के ब्रॉनी खड्ड पर पुल निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ा उपहार है।
युगपुरुष का योगदान सदियों तक रहेगा याद: आर.एस. बाली
पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आर.एस. बाली ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को हिमाचल का युगपुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए समर्पित कर दिया। उनका यह ऐतिहासिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में इनकी रही विशेष उपस्थिति:
इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक कुलदीप सिंह राठौर, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, पूर्व सीपीएस नीरज भारती, हिमफैड चेयरमैन महेश्वर चौहान, विदित चौहान, निगम भंडारी सहित बड़ी संख्या में पंचायती राज प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












