सुरभि न्यूज़
शिमला, 31 अक्टूबर
एसजेवीएन ने स्वच्छता को संस्थागत कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने और सरकारी कार्यालयों में लंबित मामलों को कम करने के उद्देश्य से विशेष अभियान 6.0 के तहत अपनी विभिन्न परियोजनाओं एवं कार्यालयों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता और प्रशासनिक सुधार संबंधी गतिविधियां संचालित कीं। विद्युत मंत्रालय तथा प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ कार्यस्थल, प्रशासनिक दक्षता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
अभियान के दौरान एसजेवीएन ने निगम मुख्यालय से 7,500 किलोग्राम तथा नाथपा झाकड़ी जल विद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) से 5,820 किलोग्राम सहित कुल 13.32 टन प्रयुक्त बैटरियों का व्यवस्थित निपटान किया। इन बैटरियों का कुल मूल्य 16,11,453 रुपये आंका गया है। इसके अतिरिक्त, लगभग 25 टन ई-कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री की पहचान की गई, जिसमें 800 किलोग्राम टायर भी शामिल हैं। इससे कार्यालयों एवं परियोजना परिसरों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में भी एसजेवीएन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए। अभियान के तहत विभिन्न परियोजनाओं में लगभग 585 किलोग्राम वजन वाली 322 लंबित फाइलों एवं दस्तावेजों का निपटान किया गया। इसके साथ ही नियमों एवं प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा लंबित जन शिकायतों और अपीलों का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास किए गए।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एसजेवीएन के 14 चिह्नित प्रतिष्ठानों में विशेष स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान भी चलाए गए।
एसजेवीएन ने स्वच्छता, अभिलेखों के व्यवस्थित प्रबंधन और अपशिष्ट के सतत निपटान को अपनी संस्थागत कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। कंपनी के अनुसार, इस प्रकार की पहल से कार्यस्थलों की स्वच्छता के साथ-साथ प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यक्षमता को भी मजबूती मिलेगी।










