सुरभि न्यूज़
केलांग, 31 अक्टूबर
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला लाहौल एवं स्पीति में 1 से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 नवंबर को केलांग में आयोजित होगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में केलांग में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का संचालन पीओ (आईटीडीपी) अश्वनी कुमार ने किया। इस दौरान एसडीएम कुनिका एकर्स सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जनजातीय गौरव दिवस अभियान को सफल, आकर्षक और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए प्रस्तावित गतिविधियों एवं कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत ‘धरती आबा योजना’ से आच्छादित गांवों में निर्धारित गतिविधियों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। विद्यार्थियों और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए पेंटिंग, भाषण, कला एवं हस्तशिल्प प्रतियोगिताओं के साथ जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम तथा विषयगत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एनएसएस, एनसीसी और ‘माई भारत पोर्टल’ के माध्यम से विद्यार्थियों को इन कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं, अभियान के तहत स्वच्छता और पौधारोपण से संबंधित विशेष गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों को सरकार के ‘स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम’ से भी जोड़ा जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न अधिकारी अपने-अपने गोद लिए गए स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा उन्हें रचनात्मक, सांस्कृतिक और जागरूकता संबंधी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
इसके अतिरिक्त ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजातीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, लोककला और समृद्ध जनजातीय विरासत को बढ़ावा देना है।
बैठक के समापन पर उपायुक्त निवेदिता नेगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की प्रत्येक पंचायत में स्वच्छता कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित गतिविधियों की समयबद्ध एवं नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने पौधारोपण, युवा सहभागिता और विद्यार्थियों से जुड़ी गतिविधियों को पूरी सक्रियता के साथ संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि 1 से 15 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाया जाए।










