सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
भारतीय किसान संघ जिला मंडी की मासिक बैठक एवं सदस्यता योजना को लेकर बैठक महादेव के समीप घांघला स्थित बाला कामेश्वर मंदिर में जिला अध्यक्ष संत राम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ जिला अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात भारत माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के विस्तार के लिए सभी खंडों के प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि नवंबर माह में प्रत्येक खंड की बैठक आयोजित कर मजबूत संगठनात्मक टोलियों का गठन किया जा सके। इसके माध्यम से सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिन पंचायतों में अभी तक ग्राम समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां सदस्यता अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए एडहॉक कमेटियां गठित करने का निर्णय लिया गया, ताकि संगठनात्मक कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
बैठक में पिछले कार्यकाल की खाली पड़ी सदस्यता रसीद बुकों को भी अगली बैठक तक जमा करवाने का आग्रह किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने सदस्यता अभियान को सफल बनाने और जिला मंडी में भारतीय किसान संघ की संगठनात्मक मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया।











