सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, नगवाईं
सतर्कता जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत आज एनएचपीसी पार्बती II पावर स्टेशन कार्यालय परिसर नगवाईं मे पनारसा स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनारसा के विद्यार्थियों ने बेहद प्रभावशाली और प्रेरक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी।
इस नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम जनमानस को दैनिक जीवन व कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों को अपनाने, ईमानदारी बरतने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करना था। नाटक के माध्यम से स्कूली छात्रों ने समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों और भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों पर तीखा प्रहार किया। विद्यार्थियों ने अपने बेहतरीन अभिनय, नारों और गीतों के जरिए दर्शकों को यह संदेश दिया कि देश की वास्तविक समृद्धि केवल और केवल सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से ही संभव है। सार्वजनिक स्थल पर आयोजित इस नाटक को देखने के लिए पार्बती-II पावर स्टेशन के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में महाप्रबंधक (विद्युत) संतोष कुमार, चिनाव ब्यास टनल के महाप्रबंधक (सिविल) विवेक खंडेलवाल, महाप्रबंधक चिकित्सा सेवाए, उप महाप्रबंधक (वित), उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), परियोजना सतर्कता अधिकारी निर्मल चंद एवं पावर स्टेशन के अन्य कार्मिको एवं पाठशाला के अध्यापिका पुष्पलता उपस्थित रहे।










