कुल्लू जिला सैंज के कठियारी में डाक विभाग का एक्सटेंशन काउंटर शुरू, प्रधान डावेराम राणा ने किया शुभारंभ

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, सैंज (कुल्लू)

कुल्लू जिला के ग्राम पंचायत रैला-द्वितीय के कठियारी गांव में डाक विभाग की ओर से ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक्सटेंशन काउंटर शुरू कर दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से अब कठियारी सहित आसपास के गांवों के लोगों को डाक विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए दूरदराज के डाकघरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ग्रामीणों को अब गांव में ही बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं उपलब्ध होंगी।

एक्सटेंशन काउंटर का विधिवत शुभारंभ ग्राम पंचायत रैला-द्वितीय के प्रधान डावेराम राणा ने किया। शुभारंभ के पहले ही दिन ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि का भुगतान किया गया। इससे क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं, पेंशनधारकों और किसानों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

डाक विभाग के शाखा डाकघर के शाखा डाकपाल मोहर सिंह ने बताया कि कठियारी में प्रत्येक बुधवार को एक्सटेंशन काउंटर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब केवल चिट्ठियों और पार्सल के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग और वित्तीय सुविधाएं पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि डाक विभाग के माध्यम से इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, बचत खाता, आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (टीडी), मासिक आय योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा डाक जीवन बीमा जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AEPS) के माध्यम से पात्र खाताधारक आधार और बायोमेट्रिक सत्यापन द्वारा बैंकिंग सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि का भुगतान भी यहां किया जाएगा।

इस सुविधा के शुरू होने से ग्रामीणों के समय और आने-जाने के खर्च में बचत होगी। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने डाक विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए विभाग का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डाक वाहक कुरमे राम, उपप्रधान मोती राम कटबाल, पूर्व उपप्रधान भगत राम, वार्ड सदस्य देव राज, ठाकुर दास सहित अन्य ग्रामीण एवं वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *