निर्भीक, निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता ही मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी – मुकेश अग्निहोत्री

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
शिमला, 31 अक्तूबर

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि निर्भीक, निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता ही समाज के प्रति मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकारों को बिना किसी दबाव के अपनी भूमिका निभाते हुए तथ्यों और सच्चाई को मजबूती से जनता के सामने रखना चाहिए। कानूनों का पालन जरूरी है, लेकिन खबरों की तलाश और सच्चाई उजागर करने का संघर्ष कभी नहीं रुकना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री शनिवार को शिमला के गेयटी थियेटर स्थित गॉथिक हॉल में प्रोफेसर वेपा राव फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रो. वेपा राव जीवन परिचय एवं स्मृति व्याख्यान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान आयोजकों ने उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुकेश अग्निहोत्री ने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्वर्गीय प्रो. वेपा राव का पत्रकारिता और मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की स्थापना और उसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1990 से 2022 तक उन्होंने पत्रकारिता और शिक्षण के क्षेत्र में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सेवाएं दीं। उनके मार्गदर्शन में तैयार हुए अनेक विद्यार्थी आज देश के मीडिया जगत में प्रतिष्ठित स्थान रखते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रो. वेपा राव विद्यार्थियों के प्रति विशेष संवेदनशीलता रखते थे। वह केवल एक शिक्षक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अभिभावक और मार्गदर्शक भी थे। विद्यार्थियों को रोजगार दिलाने से लेकर उनके पारिवारिक जीवन तक में सहयोग करना उनके व्यक्तित्व की विशेषता थी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. वेपा राव की निष्पक्ष लेखनी, विचारों और पत्रकारिता के प्रति समर्पण से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सामने तथ्यों और सच्चाई को लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मीडिया जगत को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो. वेपा राव फाउंडेशन को अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार राजू संथानम ने मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता पर अपना लेख प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के सफर में चुनौतियां हमेशा रही हैं और भविष्य में भी रहेंगी। बदलते मीडिया परिवेश में पत्रकारों के लिए अपनी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और पेशेवर प्रतिबद्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है।

सचिव भाषा, संस्कृति एवं शिक्षा राकेश कंवर ने कहा कि प्रो. वेपा राव ने देशभर में हजारों पत्रकारों की ऐसी पीढ़ी तैयार की, जिसने मीडिया जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके विद्यार्थियों के साथ पारिवारिक संबंध थे। उनके विचारों और आदर्शों को अपनाकर युवा पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।
शिमला के पत्रकार दिनेश शर्मा ने प्रो. वेपा राव के मार्गदर्शन में प्राप्त सीख और अनुभव साझा किए। वहीं प्रो. शशिकांत, अश्वनी शर्मा और राकेश कंवर ने भी अपने छात्र जीवन के अनुभवों और प्रो. राव से मिली पत्रकारिता संबंधी सीख पर प्रकाश डाला। विजय गुप्ता ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

वर्ष 1946 में आंध्र प्रदेश में जन्मे प्रो. वेपा राव ने पत्रकारिता और मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने हिन्दुस्तान टाइम्स में संडे एडिटर के रूप में कार्य किया। इसके अतिरिक्त वह द ट्रिब्यून से जुड़े रहे और बाद में द स्टेट्समैन में संपादकीय सलाहकार के रूप में सेवाएं दीं।

उनके विद्यार्थी उन्हें एक उत्कृष्ट शिक्षक, आत्मीय और विनोदी व्यक्तित्व के रूप में याद करते हैं। उन्होंने अनेक विद्यार्थियों को मीडिया जगत में पहली नौकरी दिलाने में सहयोग किया और शिक्षण संस्थान से निकलने के बाद भी उनका मार्गदर्शन करते रहे। 31 अक्तूबर, 2022 को 76 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।

कार्यक्रम में फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. मीनाक्षी चौधरी, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक तोरुल एस. रवीश, निदेशक महिला एवं बाल विकास डॉ. पंकज ललित, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, डॉ. नागेश ठाकुर, अतिरिक्त निदेशक चंदन कपूर, सहायक निदेशक सुरेश राणा, मोहन ठाकुर, सुनीला ठाकुर, अनिल हारटा, जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल, सहायक सचिव दिव्या सूद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *