सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
24.95 ग्राम चिट्टा, 4.096 किलोग्राम चरस और 99,200 रुपये नकद बरामद; पंजाब और नेपाल के नागरिकों सहित स्थानीय आरोपी भी गिरफ्तार
जिला कुल्लू में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज करते हुए पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 24.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 4.096 किलोग्राम चरस और 99,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्तूबर को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने पतलीकूहल बाइफरकेशन के समीप मनाली सड़क की ओर एक 19 वर्षीय युवक की तलाशी ली। युवक पंजाब के लुधियाना का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस थाना पतलीकूहल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
वहीं, 27 अक्तूबर को पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम ने तेगड़ी नाला के समीप गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान नेपाल निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 200 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस थाना मणिकर्ण में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह 28 अक्तूबर को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बंदरोल विहाल में दबिश देकर 28 वर्षीय स्थानीय युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 2.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस थाना कुल्लू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसके अतिरिक्त 30 अक्तूबर को एसटीएफ सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने बजौरा पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान 40 वर्षीय व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 906 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पांचवीं कार्रवाई में 31 अक्तूबर को पुलिस थाना आनी और जिला डिटेक्शन सेल आनी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कूट स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। मकान की तलाशी के दौरान वहां रह रही 46 वर्षीय महिला के कब्जे से 2.990 किलोग्राम चरस और 99,200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस थाना आनी में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार किया गया।
जिला कुल्लू पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। युवाओं को नशे से बचाने और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।










