सुरभि न्यूज
केलांग, 03 नवंबर
जिला लाहौल एवं स्पीति में युवा मतदाताओं को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करने के लिए निर्वाचन साक्षरता क्लबों (ELC) के माध्यम से विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के शैक्षणिक संस्थानों और उपमंडलीय निर्वाचन कार्यालयों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निवेदिता नेगी ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों में ये प्रतियोगिताएं 2 नवंबर से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगी, जबकि उपमंडलीय निर्वाचन कार्यालयों में 10 से 13 नवंबर तक आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिले के सभी युवाओं और विद्यार्थियों से इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भावी और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के महत्व और चुनावी अधिकारों के प्रति शिक्षित करना है, ताकि वे एक जिम्मेदार मतदाता बन सकें।
निबंध प्रतियोगिता के लिए “मजबूत लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी” तथा “मेरा पहला वोट – देश के लिए” जैसे विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागी हिंदी या अंग्रेजी में 500 से 800 शब्दों में अपने विचार रख सकते हैं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भारतीय संविधान, भारतीय निर्वाचन प्रणाली, लोकतंत्र के इतिहास और मतदाता जागरूकता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें जिले के सभी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों के छात्र-छात्राएं और ELC के सदस्य भाग ले सकते हैं।
प्रत्येक शिक्षण संस्थान से 2 विद्यार्थियों का चयन अगले स्तर के लिए किया जाएगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त नेगी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और सभी शिक्षण संस्थानों के प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतियोगिताओं का आयोजन व्यवस्थित तरीके से किया जाए, ताकि सुदूर क्षेत्रों के छात्र भी अनिवार्य रूप से इसमें शामिल हो सकें।










