सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
हर रविवार दो समूहों में बंटकर गांव की सफाई में जुटती हैं महिलाएं, गांव को स्वच्छ रखने का लिया है संकल्प
छोटाभंगाल घाटी की कोठी कोहड़ पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव चेलरा दी मलाह में महिला मंडल की महिलाएं पिछले करीब 15 वर्षों से स्वच्छता अभियान चलाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में महिला मंडल चेलरा दी मलाह की प्रधान शांता देवी की अगुवाई में महिलाओं ने गांव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
इस दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने गांव के भीतर रास्तों, गलियों और नालियों की साफ-सफाई की। इसके साथ ही गांव के बाहर से अंदर आने वाले रास्तों को भी स्वच्छ बनाया। महिलाओं ने रास्तों, गलियों और नालियों के किनारे उगी घास तथा झाड़ियों को काटकर एकत्रित किया और उन्हें गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर गहरे गड्ढे में दबाया।
महिला मंडल की प्रधान शांता देवी ने बताया कि मंडल की महिलाएं पिछले लगभग 15 वर्षों से लगातार स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ा रही हैं। महिला मंडल में कुल 20 महिलाएं शामिल हैं, जिन्हें 10-10 सदस्यों के दो समूहों में बांटा गया है। दोनों समूह बारी-बारी से सप्ताह के प्रत्येक रविवार को गांव की सफाई का जिम्मा संभालते हैं। जरूरत पड़ने पर महिलाएं सप्ताह के अन्य दिनों में भी स्वच्छता अभियान चलाती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामूहिक प्रयास और नियमित सफाई के चलते उनका गांव हमेशा साफ-सुथरा दिखाई देता है। महिला मंडल की इस पहल से न केवल गांव में स्वच्छ वातावरण बना हुआ है, बल्कि अन्य महिला मंडलों और ग्रामीणों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा मिल रही है।









