एसजेवीएन के सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने 900 मेगावाट अरुण-3 और 669 मेगावाट लोअर अरुण परियोजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने पर की चर्चा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, शिमला : 02 नवंबर

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भूपेंद्र गुप्ता ने नेपाल में कंपनी की जलविद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से सोमवार को काठमांडू में नेपाल सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों एवं अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं।

इन बैठकों के दौरान भूपेंद्र गुप्ता ने नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ तथा निवेश बोर्ड नेपाल (आईबीएन) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी यांकी उक्याब से मुलाकात की। इस अवसर पर वित्त सचिव, आईबीएन के संयुक्त सचिव सहित नेपाल सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

एसजेवीएन की ओर से इन बैठकों में निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल तथा एसएपीडीसी एवं एसएलपीडीसी के सीईओ पंकज चौधरी भी शामिल हुए।

बैठकों में नेपाल में एसजेवीएन की प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं की प्रगति और उनके कार्यान्वयन में तेजी लाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से 900 मेगावाट की अरुण-3 जलविद्युत परियोजना, इससे संबंधित 217 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन तथा 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना के कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।

इन उच्चस्तरीय बैठकों को नेपाल में एसजेवीएन की जलविद्युत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और भारत-नेपाल के ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *