चौहार घाटी के राजकीय प्राथमिक पाठशाला खरयाण में आयोजित हुआ निपुण मेला, 150 बच्चों ने लिया भाग

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी में स्थित शिक्षा खंड द्रंग के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला खरयाण में निपुण मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में आसपास की छह राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं के लगभग 150 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मेले में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में धमच्याण पंचायत के प्रधान नरेश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। पाठशाला पहुंचने पर स्कूल के मुख्याध्यापक प्रेम सिंह तथा अन्य अध्यापकों ने मुख्यातिथि का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्याध्यापक प्रेम सिंह ने टोपी, मफलर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

इस निपुण मेले में राजकीय प्राथमिक पाठशाला पंजौंड, राजकीय प्राथमिक पाठशाला राजवण, राजकीय प्राथमिक पाठशाला ग्रामण, राजकीय प्राथमिक पाठशाला थल्टूखोड़, राजकीय प्राथमिक पाठशाला चेलिंग तथा मेजबान पाठशाला खरयाण के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों के बीच विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, मुख्यातिथि के मनोरंजन के लिए स्कूली बच्चों ने पारंपरिक नाटी प्रस्तुत कर खूब समां बांधा।

इस अवसर पर मुख्यातिथि नरेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों का मानसिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास होता है। साथ ही विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने निपुण मेले के सफल आयोजन के लिए अपनी ओर से 2,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। साथ ही आश्वासन दिया कि उनके आधार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पाठशालाओं की समस्याओं को सुलझाने के लिए भविष्य में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्याध्यापक प्रेम सिंह ने भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए शिक्षा और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यातिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर संबंधित पाठशालाओं के अध्यापकगण तथा आसपास के गांवों के अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *