सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट : भराडू, जोगिंदर नगर
भराड़ू पंचायत में घर बैठे काम और खेती के माध्यम से महिलाएं बढ़ा सकेंगी अपनी आमदनी, मंडी से आएगी विशेषज्ञों की टीम
जोगिंदर नगर उप मण्डल के भराड़ू पंचायत की उन सभी महिलाओं के लिए अच्छी पहल की जा रही है, जो घर बैठे काम करके या खेती-बाड़ी के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ाना चाहती हैं। इसके लिए 4 नवंबर को भराड़ू पंचायत घर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडी से विशेषज्ञों की टीम पहुंचेगी, जो महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी देगी। टीम द्वारा महिलाओं को अच्छे बीज, कृषि दवाइयों, मशीनों के उपयोग, कच्चे माल तथा उत्पादों की पैकिंग सहित अन्य जरूरी जानकारियां प्रदान की जाएंगी।
विशेषज्ञ महिलाओं के हुनर और उनकी रुचि को देखकर उसी के अनुसार काम करने के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही मशीनों का सही उपयोग करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि महिलाएं घर बैठे स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे सकें।
पंचायत की सभी इच्छुक महिलाओं से आग्रह किया गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए 4 नवंबर को पंचायत घर भराड़ू में पहुंचें। साथ ही अपने आसपास की अन्य इच्छुक महिलाओं को भी अपने साथ लेकर आएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस पहल से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।









