सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 03 नवंबर
युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत जिला कुल्लू में क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 31 अक्तूबर, 2026 को शिमला से इस अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने तथा नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 100 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा। इच्छुक खिलाड़ी आधिकारिक वेबसाइट https://khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन पहले उपमंडल स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों एवं टीमों को जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
विजेता टीमों को मिलेंगे नकद पुरस्कार
उपमंडल स्तर पर प्रत्येक खेल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने कुल्लू जिला के सभी इच्छुक युवक-युवतियों और खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सशक्त माध्यम हैं।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने और पंजीकरण संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कार्यालय कुल्लू के दूरभाष नंबर 9816698106 और 9015288090 पर संपर्क किया जा सकता है।










