रोजगार : कुल्लू के तीर्थन घाटी में मशरूम उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, एचवीटी फाउंडेशन करवाएगा निःशुल्क प्रशिक्षण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 
तीर्थन घाटी गुशैनी (परस राम भारती)

लेह-लद्दाख के दुर्गम गांवों में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में काम करने के बाद अब हिमालयन वॉलंटियर टूरिज्म (एचवीटी) फाउंडेशन ने कुल्लू जिला की तीर्थन घाटी में भी ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की है। इसके तहत फाउंडेशन की ओर से ऑयस्टर (ढींगरी) मशरूम की खेती को लेकर 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला बंजार उपमंडल के बठाहड़ स्थित ‘अपना घर होमस्टे’ में होगी।

एचवीटी फाउंडेशन के संयोजक पंकी सूद ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं, छोटे किसानों और अन्य ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से अवगत करवाना तथा उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने घरों में छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकें।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला में मशरूम की खेती की तकनीक, बीज (स्पॉन) का उपयोग, उत्पादन प्रक्रिया, उचित देखभाल, तापमान एवं नमी का प्रबंधन तथा मशरूम की कटाई और विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके लिए लखनऊ से विशेषज्ञ प्रशिक्षक विजय विशेष रूप से पहुंचेंगे। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसमें महिला और पुरुष दोनों भाग ले सकते हैं। कार्यशाला सफलतापूर्वक पूरी करने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन डिप्लोमा भी प्रदान किया जाएगा।

लद्दाख के 14 गांवों में पहले कर चुका है काम

पंकी सूद ने बताया कि हिमालयन वॉलंटियर टूरिज्म फाउंडेशन इससे पहले भी दुर्गम क्षेत्रों में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न परियोजनाएं संचालित कर चुका है। लद्दाख के दुर्गम जांस्कर क्षेत्र के 14 गांवों के अलावा विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में भी मशरूम उत्पादन से जुड़ी परियोजनाओं पर काम किया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों को पोषण, स्वरोजगार और आय के नए साधनों से जोड़ना रहा है।

पर्यटन कारोबार से जुड़ेंगे रोजगार के नए अवसर
फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के अनुसार तीर्थन घाटी और जीभी जैसे पर्यटन स्थलों पर आने वाले समय में ताजे मशरूम की मांग बढ़ने की संभावनाएं हैं। स्थानीय ग्रामीण यदि अपने स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू करते हैं तो वे आसपास के होटलों, होमस्टे और रेस्टोरेंट को ताजा मशरूम उपलब्ध करवा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही पोषक तत्वों से भरपूर मशरूम को स्थानीय खानपान में शामिल करने से पर्यटकों और ग्रामीणों को पौष्टिक आहार का बेहतर विकल्प भी मिलेगा।

सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय है फाउंडेशन
मशरूम उत्पादन के अतिरिक्त एचवीटी फाउंडेशन क्षेत्र के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा बठाहड़ क्षेत्र में शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। फाउंडेशन ने क्षेत्र में आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुगम बनाने के लिए पुलिया निर्माण जैसे कार्यों में भी सहयोग दिया है।
इस प्रशिक्षण पहल में ट्राइडेंट ऑटोमोबाइल्स मुंबई सहयोगी भागीदार के रूप में जुड़ा है, जबकि सनशाइन हिमालयन कॉटेज आतिथ्य सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। पंकी सूद ने बताया कि सनशाइन हिमालयन कॉटेज वही स्थान है, जहां से वर्ष 2019 में एचवीटी फाउंडेशन की नींव रखी गई थी।
सरकारी विभागों के सहयोग से बढ़ सकती हैं संभावनाएं
स्थानीय लोगों का मानना है कि मशरूम उत्पादन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार का एक अच्छा माध्यम बन सकता है। इसके लिए गैर-सरकारी संस्थाओं की पहल के साथ कृषि एवं उद्यान विभाग की तकनीकी विशेषज्ञता और सरकारी योजनाओं का सहयोग भी जरूरी है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ग्रामीणों को यदि गुणवत्तापूर्ण बीज, उत्पादन इकाइयां स्थापित करने और बाजार से जुड़ने में सहायता मिले तो इस पहल को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

एचवीटी फाउंडेशन ने क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं, युवाओं, छोटे किसानों और इच्छुक ग्रामीणों से इस निःशुल्क कार्यशाला में भाग लेने की अपील की है। मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण लेने के इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए ‘अपना घर होमस्टे’ के संचालक एवं समाजसेवी ठेबा राम से संपर्क कर सकते हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीणों को नई तकनीक और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर तीर्थन घाटी को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *