केलांग में संविधान दिवस पर उपायुक्त निवेदिता नेगी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
केलांग, 26 नवंबर

संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय केलांग के सम्मेलन कक्ष में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति निवेदिता नेगी ने कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई।

उपायुक्त ने शपथ के माध्यम से सभी को भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया। साथ ही देश के प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। सभी ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने तथा आपसी भाईचारे और बंधुता की भावना को मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

कार्यक्रम के माध्यम से संविधान की महत्ता, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *