लाहौल स्पीति के केलांग में महिलाओं ने नशा मुक्त भारत अभियान में दिखाया उत्साह, आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

केलांग, 25 नवंबर

बुनाई, रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं में महिला मंडलों व स्वयं सहायता समूहों ने लिया भाग, उपायुक्त निवेदिता नेगी ने विजेताओं को किया सम्मानित

नशा मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय केलांग में महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त भारत अभियान : विकसित भारत की पहचान’ रखी गई। इस दौरान खंड विकास कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में बुनाई प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि ओल्ड सर्किट हाउस में रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विभिन्न महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों की प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

बुनाई प्रतियोगिता में खमटुल महिला मंडल की पालमो ने प्रथम, इसी महिला मंडल की यांगचेन ने द्वितीय तथा लोअर केलांग महिला मंडल ने तृतीय स्थान हासिल किया। रस्साकशी प्रतियोगिता में संगम स्वयं सहायता समूह विजेता रहा। वहीं, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में सोनम छोमो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपायुक्त लाहौल-स्पीति निवेदिता नेगी ने विजेता प्रतिभागियों एवं समूहों को नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मनीष राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सामुदायिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के दुष्परिणामों के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक गतिविधियों और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत आमजन से भी नशे के खिलाफ जागरूक रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *