सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
सूत्रधार कला संगम की सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक संस्कृति की दिखी अनूठी झलक, उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की संस्था के प्रयासों की सराहना
हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और लोक कलाओं को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा बुधवार को अटल सदन में सांस्कृतिक संध्या ‘पहाड़ी साँझ’ का भव्य आयोजन किया गया। लोकगीतों, समूह नृत्य और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या में कला प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। हिमाचल के सुप्रसिद्ध लोक, शास्त्रीय एवं ग़ज़ल गायक पीयूष राज की शानदार प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम में उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। संस्था की ओर से उनका कुल्लवी परंपरा के अनुसार टोपी, चादर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, नगर परिषद कुल्लू की उपाध्यक्ष शालिनी राय, फ्रूट ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम शर्मा, पार्षद पूजा शर्मा, गीता देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मंच संचालक सुंदर श्याम महंत ने अपने शायराना अंदाज में किया। इसके बाद कलाकारों ने सामूहिक हिमाचली गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। संजय पुजारी ने मंडी सराज का लोकगीत ‘देऊआ विजणे रोपे’, जीवन बुडाल ने ‘ठेबे गुरा’ और लाल सिंह ने ‘लाड़ी सरजुए’ प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। वहीं ट्विंकल ने ‘कायथा यारा’ तथा रोज़ी ने ‘कमौड़े घर बारो गेता वाड़े ओ, चिट्टी लिखी’ जैसे लोकगीतों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
कुल्लू के जाने-माने लोकगायक धर्मेन्द्र शर्मा ने भी अपनी गायकी से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। रेखा ठाकुर, मोहिनी, सुष्मिता, शबू, कनिका और मीनाक्षी ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में प्रो. दीपक गौतम की गायकी ने भी विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने ‘बरखा री छम-छम में मिंजो ता डरांदी’, ‘पारले रोपे सौकण जे उतरी’, ‘तेरी बंगा री छुनमुण’ और ‘नूरपुर ऐ रि ये गजरती ये तेरे माथे रा बिंदलु’ सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने सूत्रधार कला संगम द्वारा हिमाचली कला, संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पारंपरिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सांस्कृतिक संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक पीयूष राज की प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘तेरियां मोहब्बत न मारी दित्ता हो’, ‘प्यारी भोटलिये’ और ‘सायं-सायं मत कर राविए’ जैसे लोकप्रिय हिमाचली लोकगीतों से सभागार में खूब समां बांधा। रानी सुनैना से जुड़ा पारंपरिक गीत भी दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा दर्शकों की फरमाइश पर उन्होंने ‘चम्बा कितनी दूर’ और ‘भावा रुपिये’ सहित कई गीत सुनाए। उनकी मधुर आवाज और शानदार गायकी पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के माध्यम से सूत्रधार कला संगम ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का सामाजिक संदेश भी दिया। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा कला, संस्कृति, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। संस्था का मानना है कि सांस्कृतिक गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम हैं।
संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों, पत्रकारों और उपस्थित कला प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सूत्रधार कला संगम पिछले पांच दशकों से हिमाचली कला, संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘पहाड़ी साँझ’ भी इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने वाली एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहल है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन, कार्यक्रम प्रभारी एवं उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, संरक्षक मंडल के सदस्य राजेन्द्र सूद व युवराज बौध, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर, मंजू लता शर्मा, यशोदा शर्मा, हितेश गोगी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, सह-प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा सहित संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा।











