बुनाई कला से खिलौना निर्माण की नई संभावनाओं को मिलेगा बढ़ावा, केलांग में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

केलांग, 26 नवंबर

रैंप योजना के तहत प्रतिभागियों को दिया प्रशिक्षण, पारंपरिक हुनर को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर

 हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग की ओर से रैंप (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के तहत जिला मुख्यालय केलांग में बुनाई आधारित खिलौना निर्माण को लेकर दो दिवसीय प्रोडक्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट कार्यशाला आयोजित की गई। 25 और 26 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को बुनाई कला के माध्यम से आकर्षक एवं नए डिजाइन के खिलौने तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक बुनाई कला में नवाचार को बढ़ावा देना, स्थानीय कौशल को बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करना तथा लोगों को स्वरोजगार एवं लघु उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यशाला में प्रशिक्षक खेम लता ने प्रतिभागियों को बुनाई आधारित खिलौना निर्माण की विभिन्न तकनीकों और नई संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर अभी तक प्रचलित नहीं रहे बुनाई से तैयार होने वाले खिलौनों के आकर्षक और नवीन डिजाइन विकसित कर इस पारंपरिक कला को एक नए व्यावसायिक स्वरूप में आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने प्रतिभागियों को अपने पारंपरिक हुनर का रचनात्मक उपयोग करते हुए बाजार की मांग और ग्राहकों की पसंद के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बुनाई कला को नए उत्पादों से जोड़कर स्वरोजगार के साथ-साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर तलाशे जा सकते हैं।

इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), केलांग की टीम भी मौजूद रही। कार्यशाला के दौरान उत्पादों के डिजाइन एवं विकास, कौशल संवर्धन और पारंपरिक कला को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

उद्योग विभाग की इस पहल से उम्मीद है कि स्थानीय प्रतिभाओं को अपने हुनर को निखारने, नए उत्पाद विकसित करने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। साथ ही, पारंपरिक बुनाई कला को आधुनिक बाजार से जोड़कर स्थानीय स्तर पर लघु उद्यमों के विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *