कुल्लू के मोहल में जेंडर रिसोर्स सेंटर का भव्य उद्घाटन, 150 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग

Listen to this article

सुरभि न्यूज़, कुल्लू

विकास खंड कुल्लू के अंतर्गत मोहल में महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी) का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में कुल्लू ब्लॉक के विभिन्न क्लस्टरों से आईं स्वयं सहायता समूहों की 150 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी कुल्लू लक्ष्मी चंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि मिशन कार्यकारी नीरज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त कुल्लू ब्लॉक के सभी क्लस्टरों के पदाधिकारी, सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (सीआरपी), ग्राम संगठन (वीओ) तथा स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि महिलाएं भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल सीएलएफ की ओर से अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर मिशन कार्यकारी नीरज शर्मा ने जेंडर रिसोर्स सेंटर की स्थापना के उद्देश्यों और इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीआरसी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा जरूरतमंद महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की सहायता और सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी लक्ष्मी चंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा साबित होगा। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए जागरूकता और सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी महिलाओं और अतिथियों ने जेंडर रिसोर्स सेंटर तथा नई चेतना अभियान के तहत शपथ ग्रहण की। इसके पश्चात बीडीओ कुल्लू लक्ष्मी चंद शर्मा ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मोहल बाजार से होकर गुजरी, जिसमें महिलाओं ने लोगों को महिला सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और जरूरत के समय सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में जेंडर रिसोर्स सेंटर की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *