छोटाभंगाल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिलाओं को किया जागरूक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

पोलिंग पंचायत से 60 दिवसीय विशेष अभियान का आगाज, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गीत, भाषण और चार्ट के माध्यम से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

बाल विकास परियोजना बैजनाथ के सौजन्य से मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ 60 दिवसीय विशेष अभियान के तहत 27 नवंबर को छोटाभंगाल घाटी की पोलिंग पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान की शुरुआत 19 नवंबर से हुई है, जो 17 जनवरी तक चलेगा। छोटाभंगाल घाटी में पोलिंग पंचायत से अभियान का शुभारंभ करते हुए इसे घाटी की सभी पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में पोलिंग पंचायत के प्रधान राजू राम ने मुख्य अतिथि तथा लोआई पंचायत की प्रधान नवीनता ठाकुर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान आयुष विभाग के वीर सिंह ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य बेटियों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और समाज में उनकी समान भागीदारी के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गीत, भाषण और चार्ट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने लिंग चयन निषेध अधिनियम से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी अपने विचार रखे। वहीं, पर्यवेक्षक एवं संरक्षण अधिकारी ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम (PWDVA-2005) तथा अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर पंचायत प्रधान राजू राम और लोआई पंचायत की प्रधान नवीनता ठाकुर ने दुर्गम छोटाभंगाल घाटी में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बाल विकास परियोजना बैजनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विभाग से भविष्य में भी घाटी की विभिन्न पंचायतों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। साथ ही उपस्थित लोगों से कार्यक्रम के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *