चौहार घाटी के बरोट स्कूल में निपुण मेला एवं ईसीसीई दिवस धूमधाम से मनाया

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 
खुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी के राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बरोट में शुक्रवार को निपुण मेला एवं ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल प्रशासन एवं स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से मुख्यातिथि का फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। वहीं, केंद्रीय मुख्याध्यापक श्याम लाल ने उन्हें हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान पाठशाला के नन्हे विद्यार्थियों ने बौद्धिक विकास, शारीरिक विकास, सामाजिक विकास, गणित की पूर्व तैयारी और भाषा विकास से संबंधित विभिन्न स्टाल लगाए। मुख्यातिथि रमेश कुमार ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया तथा बच्चों की गतिविधियों और उनके प्रयासों की खूब सराहना की।
मुख्याध्यापक श्याम लाल ने बताया कि मेले के दौरान बच्चों और उपस्थित अभिभावकों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक एवं हंसी-मजाक से जुड़े खेल आयोजित किए गए। इन गतिविधियों ने कार्यक्रम में खूब रौनक लगाई। बच्चों और अभिभावकों की मस्ती देखकर मुख्यातिथि सहित स्कूल का समस्त स्टाफ भी हंसी से लोटपोट होता रहा।

इस अवसर पर मुख्यातिथि रमेश कुमार ने कहा कि विद्यालयों में इस तरह के आयोजन करने से बच्चों का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है। खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन से प्रसन्न होकर मुख्यातिथि रमेश कुमार ने अपनी ओर से पाठशाला को 2,100 रुपये की नकद राशि भेंट की। वहीं, उनके साथ आए सेवानिवृत्त अध्यापक गोपाल सिंह ने भी 2,100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इस प्रकार दोनों अतिथियों ने विद्यालय को कुल 4,200 रुपये की आर्थिक सहायता देकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *