लाहौल-स्पीति में खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान के तहत होंगी 10 खेल प्रतियोगिताएं

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

केलांग, 28 नवंबर

30 नवंबर तक होगा निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण, विजेता टीम को मिलेंगे 51 हजार रुपये

युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत जिला लाहौल-स्पीति में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों को 51 हजार रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इस संबंध में शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष केलांग में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम एवं जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कुनिका एकर्स ने की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, रस्साकशी, हॉकी, कुश्ती, एथलेटिक्स, क्रिकेट और बैडमिंटन सहित कुल 10 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि जिला में प्रतियोगिताओं का आयोजन पहले उपमंडल स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए लाहौल और उदयपुर उपमंडल को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं की तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में युवा केवल उसी उपमंडल की ओर से भाग ले सकेंगे, जहां के वे स्थायी निवासी हैं। लाहौल उपमंडल के स्थायी निवासी लाहौल तथा उदयपुर उपमंडल के स्थायी निवासी उदयपुर में ही भाग लेने के पात्र होंगे।

उपमंडल स्तर पर प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने खेल प्रेमियों, युवा क्लबों, खेल संघों और इच्छुक खिलाड़ियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। विभाग के अनुसार प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पूर्णतया निःशुल्क रखा गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इच्छुक खिलाड़ी विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in/team-registration पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। विभाग ने खिलाड़ियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते पंजीकरण करवाने तथा नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

बैठक में खंड विकास अधिकारी मनीष राय, तहसीलदार विकास कुमार, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सूर्याकांत शर्मा, जिला युवा अधिकारी ऋषभ रंजन, बीएमओ, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नरेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *