सुरभि न्यूज़
शिमला, 28 नवंबर
ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, बोले- प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अनिरुद्ध सिंह शनिवार को शिमला के समरहिल खेल मैदान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित छात्राओं की तीन दिवसीय इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंची प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों और उनके कोच को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों ही महत्वपूर्ण पहलू हैं, लेकिन इससे भी अधिक मायने अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना रखते हैं। शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
मंत्री ने महिला खिलाड़ियों की भागीदारी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सकारात्मक बदलाव है कि प्रदेश की छात्राएं फुटबॉल जैसे खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। पहले फुटबॉल का अधिक प्रचलन विदेशों के साथ-साथ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में था, लेकिन अब हिमाचल प्रदेश सहित उत्तरी भारत में भी इस खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही प्रदेश सरकार
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही खेल कोटे के माध्यम से सरकारी नौकरियों में अवसर बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर से धर्मशाला में खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इसमें भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। समरहिल खेल मैदान को साफ-सुथरा रखने के लिए उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना की। साथ ही कहा कि खेल मैदानों की स्वच्छता और बेहतर रखरखाव की जिम्मेदारी खिलाड़ियों के साथ-साथ संबंधित रखरखाव प्राधिकरणों की भी है।
11 महाविद्यालयों की टीमें पहुंचीं
प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में निदेशक शारीरिक शिक्षा संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि छात्राओं की इस तीन दिवसीय इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता में अब तक 11 टीमें पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज बीके शिवराम, शिक्षक संघ अध्यक्ष यशवंत सिंह हारटा, गैर शिक्षक कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष मोहिंद्र सिंह, स्पोर्ट्स ऑब्जर्वर दिग्विजय रॉनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनएसयूआई एवं एसएफआई के पदाधिकारी, खिलाड़ी छात्राएं, कोच तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।











