सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल घाटी के केंद्र स्थल मुल्थान स्थित वन विश्राम गृह में शनिवार, 28 नवंबर को समाजसेवी गोद संस्था की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छोटाभंगाल और चौहार घाटी के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 30 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में संस्था के अध्यक्ष राकेश कुमार, सचिव प्रवीन पालसरा तथा संयोजक एवं मुख्य सलाहकार समाजसेवी लाल चंद शास्त्री ने विशेष भूमिका निभाई। लाल चंद शास्त्री राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हैं। इसके अतिरिक्त सिविल अस्पताल पालमपुर के ब्लड बैंक से डीएस भिंडरा, मेडिकल लैब टेक्नीशियन (एमएलटी) विन्ता देवी, स्टाफ नर्स नवज्योति, पूजा देवी, देशराज सहित विशेषज्ञ चिकित्सा कर्मियों ने शिविर को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
संस्था के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रक्तदान शिविर में दोनों घाटियों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर की विशेष बात यह रही कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों अमीं चंद, उनकी पत्नी शकुन्तला देवी और बेटे अरविन्द ठाकुर ने एक साथ रक्तदान किया। वहीं दो सगे भाइयों ज्ञान चंद और मनोज कुमार ने भी रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके अलावा विद्युत विभाग के चार कर्मचारियों सहित कुल 30 लोगों ने रक्तदान किया।











