सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 28 नवम्बर
कुल्लू जिला के ट्रिनिटी स्कूल, मोहल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम के स्टूडियो का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सामुदायिक रेडियो स्टेशन के कामकाज को नजदीक से समझा और रेडियो कार्यक्रमों के निर्माण एवं प्रसारण की प्रक्रिया की जानकारी हासिल की।
रेडियो कुल्लू के स्टेशन मैनेजर अमन ने विद्यार्थियों को स्टूडियो का भ्रमण करवाया। उन्होंने बताया कि रेडियो कार्यक्रमों के लिए विषयों का चयन कैसे किया जाता है और किस तरह कार्यक्रम तैयार कर उन्हें श्रोताओं तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने सामुदायिक रेडियो की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थानीय लोगों की कहानियों, अनुभवों और क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
इस शैक्षणिक भ्रमण का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब ट्रिनिटी स्कूल की छात्रा ऐना ने आरजे खेम के साथ लाइव कार्यक्रम में भाग लिया। ऐना ने रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम के माध्यम से श्रोताओं के लिए अपनी कविता प्रस्तुत की। छात्रा को लाइव प्रसारण में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जिसे अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्सुकता से देखा।
इस दौरान विद्यार्थियों ने रेडियो स्टूडियो में उपयोग होने वाले उपकरणों, कार्यक्रम संचालन और लाइव प्रसारण की बारीकियों को समझा। रेडियो के कामकाज का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने भविष्य में भी रेडियो कुल्लू के स्टूडियो का दोबारा भ्रमण करने की इच्छा जताई।
रेडियो कुल्लू की टीम ने इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए ट्रिनिटी स्कूल, मोहल के प्रबंधन और साथ आए स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने वाला अनुभव रहा।











