हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के खिलाफ याचिकाएं खारिज, जयराम ठाकुर ने फैसले का किया स्वागत

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

मंडी, 28 नवंबर

31 पेशियों के बाद हाईकोर्ट के फैसले से हाटी समुदाय को मिला न्याय, कांग्रेस सरकार पर लगाए मामले में अड़चन डालने के आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने हाटी समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि छह दशक से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे समुदाय की लंबी प्रतीक्षा अब समाप्त हुई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हाटी समुदाय का संघर्ष धैर्य, अनुशासन और शांतिपूर्ण आंदोलन का एक बेमिसाल उदाहरण है। संसद से कानून पारित होने के बाद भी समुदाय को अपने अधिकारों के लिए दो साल तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सुक्खू सरकार ने कानून को लागू करने में हर स्तर पर अड़चनें डालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अब हाटी समुदाय को उनके अधिकार मिलने चाहिए और सरकार को इसमें किसी प्रकार का व्यवधान नहीं डालना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री बने तो हाटी समुदाय की मांग और जरूरतों को देखते हुए इस दिशा में काम शुरू किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का इस मामले में पूरा सहयोग मिला। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने एक नोडल एजेंसी गठित की थी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सितंबर 2021 में लोकुर समिति के मानदंडों के अनुरूप एथ्नोग्राफिक प्रस्ताव रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई।

उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल 2022 को भारत के रजिस्ट्रार जनरल ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई। इसके बाद 14 सितंबर 2022 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाटी समुदाय को एसटी दर्जा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। 16 दिसंबर 2022 को लोकसभा और 26 जुलाई 2023 को राज्यसभा में विधेयक पारित हुआ। 4 अगस्त 2023 को राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद यह कानून बन गया।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कानून बनने के बावजूद कांग्रेस सरकार ने इसे अधिसूचित करने में देरी की। उन्होंने कहा कि 23 सितंबर से 6 नवंबर 2023 के बीच प्रदेश सरकार ने लगातार तीन आपत्तियां दर्ज कराईं। इसके बाद 30 दिसंबर 2023 को केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर इन आपत्तियों पर नाराजगी जताई थी। एक जनवरी 2024 को प्रदेश सरकार ने कानून लागू करने की अधिसूचना जारी की, लेकिन 4 जनवरी 2024 को हाईकोर्ट ने इसके कार्यान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी।

उन्होंने कहा कि 31 पेशियों के बाद उच्च न्यायालय ने सुखद फैसला सुनाया है। इस संघर्ष में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में उनसे जो भी संभव हुआ, उन्होंने किया और उन्हें इसका संतोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *