सुरभि न्यूज़
तीर्थन घाटी गुशैनी (परस राम भारती)
जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से हिमालयन वॉलंटियर टूरिज्म फाउंडेशन की ओर से बठाहड़ स्थित अपना घर होमस्टे में आयोजित ऑयस्टर मशरूम (ढींगरी मशरूम) उत्पादन की तीन दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला के तीसरे और अंतिम दिन प्रतिभागियों को अजैविक विधि से मशरूम उत्पादन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षक विजय ने प्रतिभागियों को अजैविक विधि से मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया समझाई और इसका व्यावहारिक प्रदर्शन करवाया। इसके बाद तैयार किए गए मशरूम बैग को सही तरीके से लटकाने की विधि भी बताई गई। प्रतिभागियों ने स्वयं इस प्रक्रिया का अभ्यास किया और उत्पादन से जुड़ी बारीकियों को समझा।
कार्यशाला के समापन समारोह में स्थानीय ग्राम पंचायत मशयार के वार्ड नंबर तीन की सदस्य जावित्री देवी तथा वार्ड नंबर पांच घलियाड़ की सदस्य पार्वती देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजकों ने दोनों अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्य निलेय पारिख, प्रशिक्षक विजय, समाजसेवी पूर्ण चंद, अपना घर होमस्टे के संचालक एवं समाजसेवी ठेबा राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अपना घर होमस्टे के संचालक ठेबा राम ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए एचवीटी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से स्थानीय समुदाय को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा और ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने का अवसर प्राप्त होगा।
फाउंडेशन के सदस्य निलेय पारिख ने बताया कि फाउंडेशन आने वाले समय में तीर्थन घाटी के अन्य गांवों में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इनका लाभ उठाने की अपील की।
इस तीन दिवसीय कार्यशाला में करीब 30 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मशरूम उत्पादन की सैद्धांतिक जानकारी के साथ जैविक और अजैविक विधियों का व्यावहारिक ज्ञान भी दिया गया। फाउंडेशन की इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार की नई संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है।











