कुल्लू में खिलौना निर्माण पर दो दिवसीय कार्यशाला, 15 प्रतिभागियों ने सीखे नए डिजाइन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 28 नवंबर

हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग की रैंप (RAMP) योजना के तहत जिला उद्योग केंद्र कुल्लू में खिलौना निर्माण एवं बुनाई कला पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 27 और 28 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला में 15 प्रतिभागियों ने भाग लेकर खिलौनों के नए डिजाइन और निर्माण की आधुनिक तकनीकें सीखीं।

कार्यशाला का शुभारंभ जिला उद्योग केंद्र कुल्लू की प्रबंधक प्रवीण लता ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इस हुनर को अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।उन्होंने प्रतिभागियों को अपने कार्य में नवाचार लाने तथा बाजार की मांग के अनुरूप नए उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में प्रशिक्षक कुसुम ठाकुर ने प्रतिभागियों को खिलौना निर्माण के विभिन्न डिजाइन और तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आकर्षक और नए डिजाइन के खिलौने तैयार कर उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी बाजार में मांग भी बढ़ाई जा सकती है। इस तरह के कौशल से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने खिलौनों के विभिन्न डिजाइन तैयार करने की बारीकियां सीखीं और व्यावहारिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला के समापन पर प्रबंधक प्रवीण लता ने प्रशिक्षक कुसुम ठाकुर और सभी प्रतिभागियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि रैंप योजना के तहत आयोजित किए जा रहे ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय लोगों को नए कौशल प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *