Listen to this article
सुरभि न्यूज़ (सी आर शर्मा) आनी।हिम् -ईरा महिलाओं की आजीविका को सुनिश्चित करेगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण विकास विभाग हिम-ईरा से महिलाओं की आजीविका सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। खंड विकास अधिकारी आनी बबनेश चड्डा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत स्वंय सहायता समूहों की खंड विकास कार्यालय की ओर से हर संभव सहायता की जाएगी। इस अवसर पर स्वंय सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत साप्ताहिक मार्किट या दुकान लगाई जाएगी। इसमें स्वंय सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। इससे महिलाओं को अपनी आजीविका सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

आगामी समय में भी हिम-ईरा नाम से ये दुकानें साप्ताहिक तौर पर लगाई जाएंगी। खंड विकास कार्यालय आनी के परिसर, जलोड़ी जोत और दलाश में ये अस्थायी दुकानें साप्ताहिक तौर पर लगाई जानी हैं ताकि महिलाओं के उत्पाद लोगों तक पहुंच सकें। बबनेश चड्डा ने कहा कि खंड विकास कार्यालय परिसर में भविष्य में हिम-ईरा की दुकान स्थायी तौर पर लगाने पर भी विचार किया गया है। जल्द ही इसे मूर्त रूप दिया जाएगा।








