सुरभि न्यूज़
आनी
आनी खण्ड की बयूंगल पँचायत के गूंगी को नई बस सेवा शुरू हो गयी है। लोगों की काफी लंबे समय से चली आ रही मांग को विधायक किशोरी लाल सागर ने सोईधार जीरो पॉइंट से एचआरटीसी की बस को हरी झंडी दिखाकर गूंगी के लिए रवाना करते हुए पूरा किया। जानकारी के अनुसार यह बस सेवा हर रोज सुबह सवा 6 बजे रामपुर से वाया लुहरी होकर आएगी। लुहरी से यह सुबह 8 बजे वाया गूंगी होकर दलाश की ओर चलेगी और ठीक साढ़े 9 बजे स्कूल समय पर दलाश पहुंचेगी और शाम को 4 बजकर 10 मिनट पर दलाश से वापिस वाया गूंगी होकर लुहरी और रामपुर पहुंचेगी। इस नई बस सेवा के चलने से लुहरी से दलाश तक सभी लोगों को फायदा मिलेगा। लेकिन दलाश, बयूंगल व डींगीधार पंचायतों के सारली, रौं, शगोगी, होआ, चौकी, ग्वालाधार, चमारली, पनेड़ा तथा गूंगी के स्कूली बच्चों, बैंक, डाकघर में पेंशन और बाजार में विभिन्न कामों को आने वाले बुजुर्गों व अन्य आम लोगों को भी इस परिवहन बस का सीधा लाभ मिलेगा। विधायक किशोरी लाल सागर ने इस अवसर पर लोगों को परिवहन बस की बधाई दी और कहा कि यह बस सेवा काफी पहले शुरू कर दी जानी थी लेकिन कोरोना महामारी के कारण थोड़ी देरी हुई है।








