विधानसभा चुनाव के चलते जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला में किया संकल्प पत्र जारी

Listen to this article

 

विधान सभा चुनाव के चलते जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला दौरे के दौरान शिमला में भाजपा के संकल्प पत्र को जारी किया। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी है जो आदरणीय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलेगा और पुनः पूरी ताकत के साथ प्रदेश में कमल खिलेगा। भाजपा की ऐतिहासिक विजय निश्चित है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र महज घोषणापत्र नहीं है बल्कि यह हिमाचल प्रदेश के विकास का हमारा रोडमैप है जबकि कांग्रेस का घोषणापत्र विजन लेस और वजन लैस है। कांग्रेस ने हमेशा ही हिमाचल की जनता को धोखा दिया है। प्रदेश का विकास तभी हुआ जब केंद्र में और राज्य में भाजपा की सरकार आई।

भाजपा समाज में समानता लाने के लिए कटिबद्ध है। हम युवाओं और किसानों का सशक्तिकरण करेंगे। हमारी सरकार सरकारी कर्मचारियों को न्याय दिलाएगी और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाएगी। हम अपने संकल्प पत्र में जो भी वादे करते हैं, उससे कहीं अधिक विकास करके दिखाते हैं। हमारे संकल्प पत्र में 11 कमिटमेंट हैं।
भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। हमारी सरकार कानून के अनुसार वक्फ संपत्तियों का सर्वे कराएगी और इसके अवैध उपयोग की जांच करने के लिए न्यायिक आयोग गठित करेगी।

मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि की शुरुआत की जायेगी जिसके अंतर्गत छोटे किसानों को सालाना ₹3000 की राशि दी जाएगी जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दिए जा रहे हैं ₹6000 के अतिरिक्त होगी।

भाजपा सरकार चरणबद्ध तरीके से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए 8 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन करेगी। सभी गाँवों को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। भाजपा सरकार राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल क्लीनिक की संख्या दोगुनी करेगी।

हमारी राज्य सरकार शक्ति नाम से एक नया कार्यक्रम शुरू करेगी जिसमें अगले 10 सालों में ₹12000 का निवेश होगा। इसके माध्यम से सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास परिवहन और भौतिक बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा और इसे हिम सर्किट से भी जोड़ा जाएगा।(साभार)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *