आज भारत पिछलगु नहीं बल्कि दुनिया का नेतृत्व करने वाला देश बना-योगी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

आनी।

उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आनी के खचाखच भरे राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी लोकेन्द्र कुमार के पक्ष विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज भारत देश दुनिया भर का पिछलगु देश नहीं बल्कि आज भारत विश्व का नेतृत्व करने वाला देश बन गया है। भारत देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

भारतीय जनता पार्टी ने आनी विधानसभा क्षेत्र से युवा लोकेन्द्र कुमार के रूप में एक ऐसे फक्कड़ कार्यकर्ता को टिकट दिया है जो समाज सेवा के लिए पैदा हुआ , जो जनता के लिए समर्पित है।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से 12 नवम्बर को लोकेन्द्र कुमार को जिताने की अपील करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और ऊर्जावान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की हिमाचल प्रदेश भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में तरक्की की है।

उन्होंने कहा कि आज भारत की साख पूरी दुनिया मे सुदृढ हुई है। आज पूरी दुनिया के भारतवंशियों में एक नया विश्वास जागृत हुआ है। दुनिया की कोई भी समस्या ऐसी नहीं जिसका हल आज भारत के पास नहीं, और यह सब भाजपा के शासन काल मे सम्भव हो पाया है।

उन्होंने कहा कि आज वैश्विक मंच पर भारत की सीमाएं सुदृढ हुई है, कोई भी टेढ़ी नजर से नहीं देख सकता , क्योंकि आज भारत के रण बाँकुरे दुश्मन के घर मे घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर अखंड भारत का हिस्सा बना दिया गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मन्दिर निर्माण का कार्य 55 फीसदी पूरा हो चुका है, जबकि अगले वर्ष तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, जो विश्व का सबसे भव्य और सबसे बड़ा मन्दिर बनेगा।

कोरोना काल मे जब पूरा विश्व परेशान था, तो भी विकास रुकने नहीं दिया।

उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब जब देश संकट में होता है तब तब दोनों भाई बहनों को नानी याद आती है और वे इटली चले जाते हैं।

जबकि भाजपा का एक एक कार्यकर्ता, नेता कोरोना महामारी में लोगों के बीच रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश की उन्नति चाहते हैं तो डबल इंजन की सरकार के साथ चले क्योंकि आज प्रदेश के जिस भी विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने रैलियां की जनता का भरपूर समर्थन भाजपा के साथ है और कहा कि आनी के अपार जनसमूह को देखकर भी ऐसा ही प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *