कुल्लू के गदौरी साहिब में 25 से 27 सितंबर तक धूमधाम से मनाया जायगा बाबा श्रीचंद जी का 532वां प्रकाश पर्व

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 22 सितम्बर 

तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में नगर कीर्तन, संत सम्मेलन और विशाल मेडिकल कैंप का होगा आयोजन, संगत के लिए तीनों दिन अटूट लंगर

तपस्थान गुरुद्वारा गदौरी साहिब में बाबा श्रीचंद जी महाराज का 532वां प्रकाश पर्व 25, 26 और 27 सितंबर 2026 को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व के अवसर पर तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार प्रकाश पर्व के दौरान संत महापुरुष, सिंह साहिबान एवं गुरमुख प्यारे संगत को कीर्तन, कथा और गुरु उपदेश के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश देंगे। तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी बरताया जाएगा।

26 सितंबर को निकलेगा विशाल नगर कीर्तन

प्रकाश पर्व के दूसरे दिन 26 सितंबर को विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और गुरु घर की खुशियां प्राप्त करेंगे। आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

27 सितंबर को संत सम्मेलन और विशाल मेडिकल कैंप

27 सितंबर को प्रकाश पर्व के समापन अवसर पर भव्य संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संत महापुरुष एवं धार्मिक विद्वान संगत को गुरु उपदेश और आध्यात्मिक विचारों से निहाल करेंगे।

इसी दिन श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए विशाल मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा। कैंप में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस दौरान लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सा संबंधी परामर्श और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि सभी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम गुरुद्वारा गदौरी साहिब, तपस्थान बाबा श्रीचंद जी महाराज में धार्मिक मर्यादा एवं श्रद्धा के साथ आयोजित किए जाएंगे।

परिवार सहित कार्यक्रमों में पहुंचने की अपील

गुरुद्वारा गदौरी साहिब के मुख्य प्रबंधक स्वामी दयानंद जी महाराज एवं समस्त कमेटी ने संगत से अपील की है कि बाबा श्रीचंद जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और गुरु घर की खुशियां प्राप्त करते हुए बाबा श्रीचंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *