सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
सरकार के दिशानिर्देश तथा उपायुक्त जिला कांगड़ा के आदेश से 26 मई से 10 जून तक चलाया जा रहा नशा निवारण अभियान के तहत शुक्रवार के दिन छोटाभंगाल के मुल्थान में एक दिवसीय पंचायत मेले का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता तहसीलदार पीसी कौंडल ने की।
पंचायत मेले में घाटी की सभी सात पंचायतों बड़ा ग्रां, कोठी कोहड़, धरमान, मुल्थान, लोआई, पोलिंग तथा स्वाड़ के पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, बार्ड सदस्यों, पंचायत सचिवों, ग्राम सहायक सचिवों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, आँगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा स्थानीय पटवारियों ने भाग लिया।
घाटी के सैंकडों लोगों ने इस पंचायत मेले में बढ़ चढ़ कर अपनी उपस्थितियाँ दर्ज करवाई। इस दौरान घाटी की महिला मंडलों की महिलाओं द्वारा लोकल नाटी, एकल गान तथा रस्साकसी और घड़ा तोड़ना आदि का आयोजन भी किया गया।
तहसीलदार पीसी कौंडल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला उपायुक्त कांगड़ा के आदेशानुसार घाटी में 26 मई से 10 जून तक चलाया जा रहा नशा निवारण अभियान के तहत शुक्रवार को तहसील मुख्यालय मुल्थान में पंचायत मेले का आयोजन किया गया है।
इस नशा मुक्ति अभियान में 26 मई से 10 जून तक इस अभियान के तहत जंगलों व गाँवों के आसपास प्राकृतिक तौर से ऊगी भांग के पौधों को पूरी तरह नष्ट किया गया है।
पीसी कौंडल ने समस्त लोगों खासकर युवा पीढ़ी को किसी भी नशे का कारोबार करने, उनका सेवन तथा व्यापार न करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने लोक नृत्य करने वाली महिलाओं को 3 हज़ार, रस्साकसी में जीतने वाली महिलाओं को 2 हज़ार, एक हज़ार रूपये की राशि उपविजेता महिलाओं तथा घड़ा तोड़ने वाली महिला को पांच सौ रूपये की नगद राशि प्रदान की।
इस दौरान उनके साथ बागवानी विभाग के एचडीओ संजीव कटोच, कानूनगो ज्योति, बड़ा ग्रां पंचायत की प्रधान चंद्रमणी, कोठी कोहड़ पंचायत की प्रधान रक्षा देवी, उपप्रधान रणजीत सिंह, धरमाण पंचायत की प्रधान रेखा देवी, उप प्रधान जगदेव, मुल्थान पंचायत की प्रधान दुर्गेश, उपप्रधान संजीव कुमार उर्फ गुड्डू, स्वाड़ पंचायत की प्रधान गुड्डी देवी, उप प्रधान एस के ठाकुर, पोलिंग पंचायत की प्रधान शालू देवी,
उपप्रधान छांगा राम तथा सभी पंचायत सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।