राष्ट्रपति के मनाली दौरे को लेकर सुरक्षा का अभेद्य घेरा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ / कुल्लू

मनाली से अटल टनल तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात; ड्रोन और पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित मनाली दौरे को लेकर कुल्लू जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मनाली से लेकर अटल टनल तक सुरक्षा का विशेष घेरा तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने राष्ट्रपति के संभावित रूट, कार्यक्रम स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत खाका तैयार किया है।

राष्ट्रपति के मनाली पहुंचने से पहले ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती शुरू कर दी गई है। राष्ट्रपति के काफिले के संभावित मार्ग पर पुलिस और सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

संवेदनशील स्थानों पर नाके, वाहनों की होगी निगरानी
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। काफिले के सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को निर्धारित अवधि के लिए नियंत्रित किया जा सकता है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस नाके स्थापित कर वाहनों की जांच तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

प्रशासन की ओर से आम लोगों और पर्यटकों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है। लोगों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करने को कहा गया है।
हिडिंबा मंदिर और अटल टनल पर विशेष सुरक्षा
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख स्थलों, विशेषकर हिडिंबा मंदिर और अटल टनल क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थलों के आसपास सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए हवाई गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रहेगी। ड्रोन और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि राष्ट्रपति की सुरक्षा में किसी भी प्रकार का जोखिम उत्पन्न न हो।

आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार

प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखी हैं। पुलिस, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मनाली और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। प्रशासन का प्रयास है कि राष्ट्रपति का दौरा सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा आम जनता और पर्यटकों को भी कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *