बरोट में सांस्कृतिक संध्या में नरेश कुल्लवी ने बांधा समां, शानदार गीतों पर जमकर थिरके दर्शक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी की बरोट पंचायत के ठंडी गुलाई में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में युवक मंडल एवं महिला मंडल बरोट के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर जारी है। मेले के तहत 3 अक्तूबर को आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या में उभरते लोकगायक नरेश कुमार कुल्लवी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

सांस्कृतिक संध्या में बरोट पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। वहीं सुबह के कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रोफेसर भूपेन्द्र ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों मुख्यातिथियों का युवक मंडल एवं महिला मंडल बरोट की ओर से जोरदार स्वागत किया गया तथा टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त प्रोफेसर भूपेन्द्र ठाकुर ने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए अपनी ओर से 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। वहीं सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि राजकुमार ने भी आयोजकों को 7,100 रुपये की नगद सहयोग राशि दी। सांस्कृतिक संध्या के मुख्य कलाकार नरेश कुमार कुल्लवी को आयोजकों की ओर से वेज पहनाकर सम्मानित किया गया।

मेले में मंच संचालन की जिम्मेदारी बरोट गांव के शिक्षित युवक अखिल ठाकुर संभाल रहे हैं। अखिल ठाकुर अपनी प्रभावी मंच संचालन शैली से दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान हास्य चुटकुले, शेरो-शायरी और हास्य-व्यंग्य प्रस्तुत कर उन्होंने दर्शकों से जमकर तालियां बटोरीं।

जब अखिल ठाकुर ने मुख्य कलाकार नरेश कुमार को प्रस्तुति देने के लिए मंच पर आमंत्रित किया तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मंच संभालते ही नरेश कुमार कुल्लवी ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार अपनी मधुर आवाज में कुल्लवी, मंडयाली, पंजाबी और फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों पर दर्शक झूमने और नाचने को मजबूर हो गए तथा पूरे मेले परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया।

इससे पहले बरोट पंचायत के ढरांगण गांव के उभरते लोकगायक कमलेश कुमार और अर्जुन ठाकुर ने भी एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। दूरदर्शन शिमला से आए युवा कलाकार यश भारद्वाज ने बांसुरी की सुरीली धुन से पहाड़ी गीतों और शिव भजन की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी।

वहीं दूरदर्शन से आई कलाकार शिवानी ने रिकॉर्डेड गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों से देर शाम तक मेले का वातावरण सांस्कृतिक रंग में रंगा रहा।

कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया। इसके बाद रात करीब 10 बजे पहली सांस्कृतिक संध्या का प्रसन्नतापूर्वक समापन हुआ। मेले के आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *