सुरभि न्यूज़ / कुल्लू, 4 अक्तूबर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 से 8 अक्तूबर तक प्रस्तावित मनाली एवं अटल टनल प्रवास के मद्देनजर कुल्लू जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए विशेष यातायात प्रबंध लागू किए हैं। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 एवं 117 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों तथा अन्य वाहनों की आवाजाही को निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित, नियंत्रित अथवा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
6 अक्तूबर रात से अटल टनल की ओर भारी वाहनों पर रोक
प्रशासन के आदेश के अनुसार 6 अक्तूबर रात 8 बजे से 7 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। आवश्यकता के अनुसार भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने अथवा उन्हें वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था रहेगी।
7 अक्तूबर को पलचान-अटल टनल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद
7 अक्तूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम और सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लागू की जाएगी।
इसी तरह 6 से 8 अक्तूबर तक रामबाग से हडिम्बा मंदिर एवं ओल्ड मनाली की ओर सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा।
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही और सुरक्षा आवश्यकताओं के दौरान जरूरत पड़ने पर अन्य वाहनों की आवाजाही को भी कुछ समय के लिए रोका, नियंत्रित अथवा डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा पुलिस एवं जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
आदेश के तहत एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस एवं सुरक्षा वाहनों तथा वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात वाहनों को यातायात प्रतिबंधों से छूट रहेगी। इसके अतिरिक्त सक्षम प्राधिकारी द्वारा विशेष रूप से अधिकृत वाहनों को भी सुरक्षा व्यवस्था के अधीन आवाजाही की अनुमति दी जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और मौके पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।











