सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल के समस्त किसानों व बागवानों की सुविधा के लिए भले ही सरकार ने घाटी के केन्द्र स्थल मुल्थान में फल संतती एवं उद्यान प्रसार केन्द्र तथा कृषि प्रसार केन्द्र को तो स्थापित कर रखा है मगर घाटी वासियों को इन दोनों सरकारी केन्द्रों की सुविधा मिल पाना न के बरावर है। लोआई पंचायत के उपप्रधान तिलक ठाकुर ने बताया कि फल संतती एवं उद्यान प्रसार केन्द्र में लगभग पांच वर्ष से एचडीओ का पद खाली होने के कारण यह प्रसार केन्द्र मात्र एक महिला चौकीदार के सहारे चला हुआ है। कृषि प्रसार केन्द्र को जब से यहाँ पर स्थापित कर रखा है तब से ही इसका कार्य किराये के भवन में ही चलाया जा रहा है। यहां कृषि प्रसार केंद्र में लगभग तीन वर्ष से कृषि प्रसार अधिकारी का पद खाली चलने के कारण इस केन्द्र में ताला लटका हुआ है। जिस कारण यहां के किसानों व बागवानों को किसी भी प्रकार का लाभ नहीं मिल रहा है। तिलक ठाकुर का कहना है कि प्रदेश में सता में रहने वाली आजतक की सरकारें इस समस्या को हल करने में सभी असफल रही है। जिस कारण घाटीवासियों में विभाग तथा प्रदेश सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि घाटी वासियों को प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार से पूर्ण आशा है कि चली आ रही इन समस्याओं का जल्द हल करेगी। इस बारे में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल का कहना है कि वे इस गंभीर समस्या से भली भांति परिचित है। उन्होंने घाटीवासियों को विश्वाश दिलवाया कि इस गम्भीर समस्या का बहुत जल्द ही समाधान किया जाएगा।
कृपया समाचार को जरुर शेयर करें