सड़क सुरक्षा कानूनों का पालन पुलिस के भय से नहीं किंतु अपनी सुरक्षा हेतु करें – एएसआई होशियार सिंह

Listen to this article
सुरभि न्यूज़ 
सी आर शर्मा, आनी
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में गुरुवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग आनी से एएसआई होशियार सिंह ने स्रोत व्यक्ति के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। पाठशाला के सड़क सुरक्षा क्लब प्रभारी कुन्दन शर्मा ने स्रोत व्यक्ति तथा विशिष्ठ अतिथि आरक्षी प्रेम ठाकुर का स्वागत किया तथा सड़क सुरक्षा से संबंधी पाठशाला की गतिविधियों की जानकारी दी।
स्रोत व्यक्ति होशियार सिंह ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील की तथा सड़क दुर्घटाओं में मानवीय भूल को जिम्मेवार माना। उन्होंने कहा कि कानून नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से बनाए गए होते हैं अत: हमें इनका पालन केवल पुलिस की उपस्थिति के डर से नहीं अपितु अपनी सुरक्षा की दृष्टि से करना चाहिए। उन्होंने गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट तथा दो पहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील की।
वहीं स्कूल प्रधानाचार्य अमर चन्द चौहान ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा जागरूकता के प्रचार की बात कही तथा विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय तथा गाड़ी में चढ़ते और उतरते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में भाषण, चित्रकला, नारा लेखन, निबंध आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी धर्म सिंह वर्मा व वेद प्रिया जम्वाल तथा सभी एनएसएस स्वयंसेवियों ने सक्रिय भूमिका अदा की। इस अवसर पर पाठशाला के सभी अध्यापक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *