एनएचपीसी द्वारा ज्ञानांकन – द बिजनेस क्विज का किया आयोजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ ब्युरो

फरीदाबाद, 21 फरवरी

एनएचपीसी ने संगठनात्मक विकास पहल के एक भाग के रूप में ‘ज्ञानांकन – द बिजनेस क्विज’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया, जिसका उद्देश्य कार्मिकों को नवीनतम व्यावसायिक शब्दावली, समसामयिक मामलों और वैश्विक स्तर पर हो रही अन्य प्रगति के प्रति सचेत रहने के लिए प्रोत्साहित करना और साथ ही कार्मिकों की नवोन्वेषी क्षमता और रचनात्मकता को जागृत करना है।

ज्ञानांकन’ – बिजनेस क्विज़ के पहले संस्करण को एनएचपीसी के सभी विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों, पावर स्टेशनों, परियोजनाओं और यूनिटों के कार्मिकों से अत्यधिक उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। क्विज़ के प्रारंभिक चरण में देश भर में एनएचपीसी के विभिन्न कार्य स्थलों से भागीदारी हुई।

सेमी-फ़ाइनल और ग्रैंड फ़िनाले राउंड का आयोजन निगम मुख्यालय, फ़रीदाबाद के जल तरंग सभागार में किया गया। इस ग्रैंड फिनाले के मुख्य अतिथि आर.पी. गोयल, निदेशक (वित्त) एनएचपीसी थे। उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), एनएचपीसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस ग्रैंड फिनाले में एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

ग्रैंड फिनाले में बिजनेस और कारपोरेट वर्ल्ड और सामान्य ज्ञान के विषयों पर छह टीमों के बीच विलक्षण प्रश्नोत्तरी के 5 रोमांचक दौर शामिल थे, जिससे सभी दर्शक बहुत रोमांचित हुए। रश्मि सारस्वत, प्रबंधक (इलेक्ट्रिकल), डिज़ाइन (ईएंडएम) विभाग, निगम मुख्यालय और संजीव कुमार धीमान, सहायक प्रबंधक (आईटी), सीएमडी सचिवालय, निगम मुख्यालय की टीम ‘ज्ञानांकन – द बिजनेस क्विज़’ की विजेता रही। नितिन वर्मा, उप प्रबंधक (मा.सं.), वित्त विभाग, निगम मुख्यालय और तापस रंजन बेहरा, प्रशिक्षु अधिकारी (मा.सं.), लोकतक पावर स्टेशन की टीम प्रथम उपविजेता रही और विजय सिंह, प्रबंधक (मैकेनिकल), सलाल पावर स्टेशन और देवनंदन कुमार, उप प्रबंधक (इलेक्ट्रिकल), सलाल पावर स्टेशन की टीम दूसरी उपविजेता रही। प्रसिद्ध क्विज़मास्टर एस.पी.एस. जग्गी, पूर्व निदेशक (पीएंडए), एससीआई ने इस क्विज़ के सेमी फाइनल और ग्रैंड फिनाले का संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *