Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविंद्र शर्मा, आनी
कुल्लू की तर्ज पर अब देश विदेश के सैलानी अब आनी व निरमंड क्षेत्र की सीमा के साथ बहती सतलुज नदी में भी रिवर राफ्टिंग के द्वारा सतलुज की लहरों में अठखेलियाँ करते नजर आएंगे। सतलुज नदी में रिवर राफ्टिंग की संभावनाओं को तलाशने और इसके ट्रायल के लिए मंगलवार को जिला परिषद कुल्लू के युवा अध्यक्ष पंकज परमार ने जिला पर्यटन विभाग के तत्वावधान में आनी खंड की बैहना पंचायत के नौंण नामक स्थान पर सतलुज नदी में एक्सपर्ट के साथ राफ्टर को उतारकर बैहना के त्रिवेणी संगम तक राफ्टिंग की संभवनाएँ तलाशी। चूंकि सतलुज नदी का जलस्तर और इसका वहाव अधिक होने के बाबजूद भी जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार और बैहना पंचायत के प्रधान विनोद ठाकुर स्वयं भी अपनी जान जोखिम में डालकर राफ्टर में सवार हुए और एक्सपर्ट के साथ नदी की लहरों में अठखेलियाँ करते हुए विभिन्न स्थानों पर स्थानों पर राफ्टिंग की संभावनाएं तलाशी। जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार ने कहा कि आनी व निरमंड क्षेत्र की सीमा से बहती सतलुज नदी में यदि भिन्न भिन्न स्थानों पर रिवर राफ्टिंग का ट्रायल सफल होता है तो यहाँ जल्द ही प्रदेश सरकार की मंजूरी से पर्यटन विभाग के सौजन्य से कुल्लू मनाली की भाँति जल पर्यटन को विकसित किया जायेगा, जिससे यहाँ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को घर द्वार पर ही स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होंगे और पर्यटन व्यवसाय विकसित होने से क्षेत्र की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। मंगलवार को आयोजित इस ट्रायल में जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार के साथ दलाश पंचायत के प्रधान सत्येंद्र शर्मा और बैहना पंचायत के प्रधान विनोद ठाकुर सहित अन्य कई अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।










