सुरभि न्यूज़
कुल्लू/मनाली
विश्व विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के ग्रीन टैक्स बेरियर के पास वीरवार को एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। जिसे उपचार के लिए एम्बुलेंस की सहायता से मनाली अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुल्लू अस्पताल रैफर किया था। जहां उपचार के दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई।
एसएचओ मनाली मनीष राज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीन टैक्स बैरियर के पास मंगलवार देर रात को किसी अज्ञात वाहन चालक ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से मनाली अस्पताल लाया गया। घायल की स्थिति को देखते हुए इसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने इसे मृत घोषित किया।
उन्होंने कहा कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हुई है। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगा रही है।उन्होंने बताया कि व्यक्ति का शव थाना मनाली के क्षेत्राधिकार में पाया गया है। मृतक के परिवार और मित्र की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि मृतक की आयु लगभग 50 से 60 वर्ष के करीब है और ऊँचाई 5’7″, रंग गेहुँआ, गहरे भूरे रंग का स्वेटर पहने हुए, छोटी मूंछें और दाढ़ी हैं और माथे पर कट का निशान है।
जिसे कानूनी प्रावधानों के अनुसार, शव को पहचान के लिए आर.एच. कुल्लू के डेड हाउस में 72 घंटे के लिए रखा गया है।