छह देवताओं के आगमन के साथ सिराज उत्सव लवी मेले का हुआ भव्य आगाज

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
जिला कुल्लू के आनी के ऐतिहासिक राजा रघुवीर सिंह स्टेडियम में रविवार को सिराज उत्सव  लवी का शुभारंभ बड़ी धूमधाम से हुआ। इस बार उत्सव में क्षेत्र के छः देवताओं    . जिनमें आराध्य देव शमशरी महादेव.देवता पनेउई नाग.ओलवा के कुलक्षेत्र महादेव. जगेश्वर महादेव.कुंईर के व्यास ऋषि और शगागी नाग की पावन उपस्थिति में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
परंपरा और आस्था के इस अद्भुत संगम ने पूरे क्षेत्र में देवध्वनि और उल्लास का वातावरण बना दिया। मेला कमेटी ने अतिथि देवताओं का देव परंपरा अनुसार भव्य स्वागत किया। मेले के मुख्य अतिथि  आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर लोगों को मेले की बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति के सम्बाहक हैं, जिन्हें संजोये रखना भावी पीढी का परम कर्तव्य है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए हर  सम्भव सहयोग का भरोसा दिलाया। मेले के शुभारंभ  अवसर पर कन्या विद्यालय आनी और मिशन स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बाँधा।
वहीं मेला कमेटी के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने मेले के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिराज उत्सव लवी मेला पिछले बीस वर्षों से बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है और इस वर्ष  मेले के स्तर को और अधिक बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि  मेले में लोगों के भरपूर मनोरंजन के लिए  स्टार कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जबकि तीन दिवसीय इस उत्सव में “मिस आउटर सिराज”. मिस्टर आऊटर सिराज और “वॉयस ऑफ आउटर सिराज” जैसी प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा प्रदेश और देशभर के करीब 200 नामी पहलवान कुश्ती दंगल में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। युवाओं के लिए फैशन शो.नृत्य. गायन व अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सिराज उत्सव लवी मेला प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं का अद्वितीय संगम है। इस वर्ष आयोजन में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ प्रदेशभर से आने वाले प्रसिद्ध स्टार कलाकार धमाल मचाएंगे। इस अवसर पर विधायक लोकेंद्र कुमार, बीडीओ विद्या चौहान, पूर्व एपीएमसी अध्यक्ष अमर ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष वेद ठाकुर, भाजपा नेत्री शशि मल्होत्रा, किसान मोर्चा के दूनी चंद, सहित अन्य कई गणमान्य लोग व मेला कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *