मेले-उतसव : चौहार घाटी के बरोट में हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय गांधी जयंती मेला

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट (चौहार घाटी)

गांधी जयंती के उपलक्ष्य में चौहार घाटी की बरोट पंचायत के ठंडी गोलाई नामक स्थान पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ हो गया है। युवक मंडल बरोट, महिला मंडल बरोट तथा ग्राम सुधार कमेटी बरोट के सौजन्य से आयोजित यह मेला 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा।

 मेले के पहले दिन शुक्रवार को स्थानीय जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ने रिबन काटकर शुभारंभ किया जबकि आयोजन समितियों के सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। युवक मंडल के सचिव राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह, टोपी और बैज भेंट किया। साथ ही, पूर्व बीडीसी सदस्य सुख राम और राजपाल को भी सम्मानित किया गया।

महिला मंडल बरोट की प्रधान संतोषी देवी ने वरधान पंचायत की पूर्व प्रधान गंगी देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिला मंडल की महिलाओं ने शानदार पहाड़ी नाटी प्रस्तुत की, जिसकी मुख्य अतिथि ने जमकर सराहना की।

मुख्य अतिथि रोशन लाल ने दर्शकों को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जी के जन्मदिन की बधाई दी तथा उनके पदचिन्हों पर चलने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। मेले के सफल आयोजन और क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने युवक मंडल बरोट को 21,000 रुपये और महिला मंडल बरोट को 25,000 रुपये की नगद राशि प्रदान की। बरोट में स्ट्रीट लाइट और गांवों में थ्री-फेस बिजली की तारें लगवाने के लिए सदन में जोरदार आवाज उठाने का आश्वासन दिया। मेला ग्राउंड की सीढ़ियों के लिए 1.5 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत खलैहल में अधूरे पड़े सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 1.5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

आयोजक शनि कुमार ने बताया कि मेले के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, घड़ा तोड़, लंबी कूद, ऊंची कूद जैसी खेल प्रतियोगिताएं और स्कूली बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 3 अक्टूबर प्रथम सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायक डाबे राम कुल्लवी के सुपुत्र, उभरते हुए लोकगायक नरेश कुल्लवी मुख्य कलाकार के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इस संध्या में बरोट पंचायत के उपप्रधान राजकुमार मुख्य अतिथि होंगे।

4 अक्टूबर समापन समारोह में प्रदेश के जाने-माने लोकगायक रमेश ठाकुर अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगे। इस अवसर पर पद्धर की बीडीसी सदस्य सुनीता देवी मुख्य अतिथि होंगी, जबकि समापन समारोह में घाटी के समाजसेवक ज्योति कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान बरोट पंचायत की प्रधान हीना देवी, रामदास, छिन्जू राम, रावण कुमार, कहॉ सिंह, कृष्ण कुमार, जोगेश्वर, नंद लाल, गुलाब सिंह, दलीप कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *