केलांग में जनजातीय गौरव उत्सव-2025 बड़े उत्साह के साथ किया आयोजित

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 15 नवंबर
केलांग संग्रहालय में आज जनजातीय गौरव उत्सव-2025 बड़े उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त(लाहौल-स्पीति) किरण भड़ाना  ने दीप प्रज्वलन तथा भगवान बीरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया।
अपने स्वागत संबोधन में बीडीओ डॉ. विवेक गुलरिया ने भगवान बीरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, जनजातीय अधिकारों के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में उनके बहुमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीरसा मुंडा की जीवनगाथा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, साहस और एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं, श्वेता स्वयं सहायता समूह यांगकिर्तिंग, महिला मंडल बिलिंग तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक एवं विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। उपायुक्त किरण भड़ाना ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान बीरसा मुंडा के आदर्शों, उनकी वीरता और जल, जंगल व जमीन की रक्षा के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जनजातीय समुदाय से अपनी सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और नई पीढ़ी को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में बीडीओ डॉ. विवेक गुलरिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायक पहल है।
इस कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी मुंशी राम ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, जिला परियोजना अधिकारी संजय डोगरा तथा उप परियोजना निदेशक आत्मा वर्षा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी स्थानीय महिला मंडल, विभिन्न स्कूलों के बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *