नशा के खतरनाक प्रभाव तथा सामाजिक चेतना विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान का किया आयोजन 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़, बंजार/कुल्लू : राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार द्वारा मानसिक स्वास्थ्य तथा नशा रोधी संवेदनशीलता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नशे के खतरनाक प्रभाव तथा सामाजिक चेतना विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना जिला कुल्लू व लाहौल-स्पिति नोडल अधिकारी डा. श्रवण कुमार ने बताया कि इस आयोजन में संयुक्त आयुक्त, उत्तर सम्भाग पालमपुर, आबकारी एवं कराधान विभाग, हिमाचल प्रदेश राकेश कुमार भारतीय मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने विषय से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक वर्तमान आँकडों सहित प्रदान की।

उल्लेखनीय है कि राकेश कुमार भारतीय आबकारी एवं कराधान विभाग में विगत 25 वर्षो से सेवारत है और इससे पूर्व राजकीय महाविद्यालय पौंटा साहिब में डेढ वर्षो तक अध्यापन से भी जुडे रहे हैं। उन्होंने इससे पूर्व प्रदेश के 15 महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों व सामाजिक चेतना पर विद्यार्थियों को स्वैच्छिक व्याख्यान द्वारा जागरूक करने का प्रयास किया है।

उन्होंने व्याख्यान के माध्यम से सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आहवान किया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार सिंह ने इस अवसर पर उनका आभार प्रकट करते हुए इस व्याख्यान को अत्यंत व्यावहारिक और प्रासंगिक बताया और भविष्य में नशा रोधी पहल के व्यावहारिक अनुप्रयोग को जीवन में अपनाने पर बल दिया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी का औपचारिक आभार ज्ञापित किया गया और यह व्याख्यान कार्यक्रम विधिवत रुप से सम्पन्न हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *