सुरभि न्यूज़
बैजनाथ, कांगड़ा : 05 दिसंबर
जिला कांगड़ा के पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ के राजनीति शास्त्र विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश विधानसभा, धर्मशाला का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस अध्ययन यात्रा का नेतृत्व विभाग के सहायक आचार्य डॉ. पवन कुमार ने किया, जिसमें कुल 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने दर्शक दीर्घा से सदन की व्यवस्था, कार्यवाही एवं विधायी प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं की वास्तविक एवं व्यवहारिक समझ विकसित हुई। भ्रमण के दौरान छात्रों ने सदन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर तथा अन्य मंत्रियों को कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए देखा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से भी भेंट की। अध्यक्ष महोदय ने छात्रों से अपने अनुभव साझा करते हुए लोकतंत्र में विधानसभा की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए। छात्रों को अपने क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल से भी मिलने का अवसर मिला, जिन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें राजनीतिक जागरूकता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने इस शैक्षिक भ्रमण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान-विस्तार के साथ-साथ उन्हें वास्तविक प्रशासनिक व विधायिका को समझने में सहायक होते हैं।
सहायक आचार्य डॉ. पवन कुमार ने बताया कि यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा और इससे उनकी राजनीति तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ और अधिक मजबूत हुई।
यह शैक्षिक भ्रमण छात्रों के लिए न केवल महत्वपूर्ण बल्कि अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुआ। इस अध्ययन यात्रा के सफल आयोजन में प्रो. सुनीता कुमारी व रविंद्र राव का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।











