सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
क्रिकेट प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले में झटींगरी –11 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया
तिब्बतीयन क्लोनी बीड़ में युवा क्लब बड़ा भंगाल के सोजन्य से पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आरम्भ किया गया। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत प्रधानाचार्य अमींचंद ठाकुर द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही है। इस दौरान मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया व उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जीवन में खेलों के महत्व के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के युवा देश व प्रदेश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धी प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने हाल ही में भारतीय कबड्डी टीम में प्रदेश की बेटियों के उल्लेखनीय योगदान की भी खूब सराहना की।
इस मौके पर ग्राम पंचायत बड़ा भंगाल के प्रधान मनसा राम भंगालिया, गुनेहड़ के उपप्रधान दुनी चंद, बड़ा भंगाल युवा के क्लब के अध्यक्ष मनजीत राजपूत, प्रताप भंगालिया, राजमल, सुरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, गौरव, शिवराज, शरद, विपिन ठाकुर, शेरिंग आदि सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीँ दूसरी ओर द्रंग क्षेत्र के तहत पड़ने वाले सरागलू मैदान में पंचायत स्तर पर आयोजित भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। इस प्रतियोगिता में द्रंग विधानसभा क्षेत्र की कुल 29 पंचायतों तथा जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की 3 पंचायतों की टीमों ने भाग लिया। इस दौरान इन सभी टीमों को पछाड़ते हुए इस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ग्वाली पंचायत – 11 टीम और ग्राम पंचायत जिल्हण की झटींगरी – 11 टीम के बीच खेला गया । रोमांचक मुकाबले में झटींगरी –11 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
जिसके चलते प्रथम पुरस्कार 41 हज़ार, 111 रूपये की धनराशि तथा झटींगरी –11 टीम और द्वितीय पुरस्कार 21 हज़ार 111 रुपये की धनराशि सहित ट्रोफी ग्वाली- 11 टीम को इनाम बतौर प्रदान की गई वहीँ मैन ऑफ द सीरीज झटींगरी –11 टीम के खिलाड़ी नागू पलसरा रहे। इस क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के रूप में पधारे ग्राम पंचायत जिल्हण के उपप्रधान सुख राम ठाकुर ने शिरकत की और विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित करते हुए इस क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत समापन किया।
मुख्यातिथि ने संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को भविष्य में भी इसी तरह से खेलों में बढ़ -चढ़कर भाग लेने तथा इस प्रकार के आयोजनों से आपसी भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की अपील की। आयोजकों ने सभी टीमों, दर्शकों तथा स्थानीय ग्राम पंचायतों द्वारा दिए गए भरपूर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि यह प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा है।
वहीँ क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजक टीम के सदस्य विजय पालसरा ने कहा कि वे गत कई वर्षो से ही इसी तरह की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन इसी मैदान में ही करते आ रहे हैं और आगामी समय में इस मैदान के जीर्णोद्वार के लिए स्थानीय प्रशासन और द्रंग के विधायक के समक्ष मांग रखेंगे ताकि भविष्य में आयोजकों और खिलाड़ियों को खेलने में किसी भी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।











